राजग विधायक दल के नेता चुने गए डॉ. हिमंत बिस्व सरमा

0
HH8GewFaIAAOzqX

गुवाहाटी{ गहरी खोज }: असम में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होगा। आज असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में राजग विधायक दल के नेता के रूप में निवर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को सर्वसम्मति से चुन लिया गया ।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। नड्डा ने विधायक दल की बैठक में विधायकों से परामर्श के बाद डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को राजग विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। डॉ. हिमंत बिस्व सरमा का नाम आठ वरिष्ठ विधायकों ने प्रस्तावित किया। रंजीत कुमार दास, बिश्वजीत दैमारी, अजंता नेओग, रामेश्वर तेली, राजदीप राय, अशोक सिंघल, पीयूष हजारिका, चक्रधर गोगोई ने उनके नाम का अनुमोदन किया। इसके बाद जेपी नड्डा ने डॉ. सरमा के नाम की घोषणा की। विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा होते ही भारत माता की जय, जय श्री राम के नारों से पूरा भाजपा मुख्यालय गूंज उठा।
राजग नेत असम गण परिषद (अगप) के नेता अतुल बोरा एव बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) रिहन दैमारी ने भी प्रस्ताव दिया। मंच पर दोनों पर्यवेक्षकों के साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, प्रदेश भाजपा प्रभारी, प्रदेश सांगठनिक महासचिव, अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा, बीपीएफ के नेता रिहन दैमारी समेत अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 126 सीटों में से 82 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि, सहयोगी पार्टी असम गण परिषद (अगप) 10 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) 10 समेत कुल 102 सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल की है। उल्लेखनीय है कि आगामी 12 मई को गुवाहाटी के खानापाड़ा खेल मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। डॉ. सरमा कुछ देरबाद भाजपा मुख्यालय से लोक भवन के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल से मिलकर अपनी सरकार के गठन के लिए दावा पेश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *