भरूच को ₹482 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 526 बेटियों को मिला रोजगार
भरूच, 17 अगस्त: उप मुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी ने अंकलेश्वर जीआईडीसी में जिले को ₹482 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें ट्रांसपोर्ट नगर, वेयरहाउस, औद्योगिक शेड, जलापूर्ति योजना और स्ट्रीट लाइट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में ‘प्रोजेक्ट अस्मिता’ के तहत 13 कंपनियों के सहयोग से करीब 526 महिलाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भरूच पुलिस अब केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को रोजगार और नागरिकों को आर्थिक-सामाजिक सहायता दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
दहेज थाना क्षेत्र की जीएफएल कंपनी में हुई ₹3.16 करोड़ से अधिक की चोरी का खुलासा कुछ ही घंटों में किया गया। ‘तेरा तुझको अर्पण’ कार्यक्रम के तहत बरामद पूरा सामान मूल मालिक को वापस सौंपा गया।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अंकलेश्वर के ट्रांसपोर्ट नगर में 510 से अधिक ट्रकों की पार्किंग, 3,000 वर्गमीटर का वेयरहाउस और करीब 144 नए औद्योगिक शेड तैयार किए गए हैं। जंबूसर के बल्क ड्रग पार्क में 40 एमएलडी जलापूर्ति योजना पूरी हुई है, जबकि औद्योगिक क्षेत्रों में करीब 1,895 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि हाईस्पीड रेल, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और बंदरगाहों से भरूच की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। गुजरात के औद्योगिक विकास और रोजगार को नई ऊंचाई देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
