कोकर से लापता 18 माह की बच्ची के परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू
रांची{ गहरी खोज }: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को रांची के कोकर स्थित खोरहा टोली रोड नंबर-02 से पिछले कई दिनों से लापता 18 माह की बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में बच्ची को सुरक्षित बरामद नहीं किया गया, तो भाजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
आदित्य साहू ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का भय समाप्त हो गया है और अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य में कानून का नहीं बल्कि अपराधियों का शासन दिखाई दे रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन गंभीर नहीं हैं। अपराधियों की बढ़ती हिम्मत का आलम यह है कि खुलेआम धमकी भरे तरीके अपनाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन रहा है। अब तक मासूम बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलना अत्यंत चिंताजनक है।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और पुलिस की ढिलाई के कारण एक मासूम की जिंदगी खतरे में है। उन्होंने मांग की कि इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए और बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जाए।
साहू ने कहा कि इससे पहले भी जगन्नाथपुर और ओरमांझी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें जनदबाव और राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद बच्चों की बरामदगी संभव हो सकी थी। यह स्पष्ट करता है कि त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से ही सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। आदित्य साहू ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पीड़ित परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है। न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने पुलिस से अपील की कि अपहरणकर्ताओं को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। साथ ही, उन्होंने कोल्हान क्षेत्र में 13 महीनों में 106 युवतियों के लापता होने की खबरों का हवाला देते हुए कहा कि यह पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, पुलिस को अपने मूल कर्तव्यों पर ध्यान देना चाहिए ताकि राज्य में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक सीपी सिंह, रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू भी मौजूद रहे।
