भारत-नेपाल सीमा के नेपाल प्रभाग में एपीएफ ने 20 लाख भारतीय करेंसी किया जब्त
अररिया{ गहरी खोज } : भारत-नेपाल सीमा के नेपाल प्रभाग के सशस्त्र पुलिस बल ने मोरंग के रतुवामाई नगरपालिका-2 स्थित घरुचोक सीमा चौकी से 20 लाख भारतीय रुपये बरामद किया। सीमा सुरक्षा में लगी एजेंसी बरड़ांगा और डोरिया की ओर से यह कार्रवाई की गई। एक मोटरसाइकिल से भारत से यह रकम लाई जा रही थी,उसी दौरान सुरक्षा एजेंसी को देखकर बाइक सवार लोगों ने रकम वाली बैग फेंक दिया। जब एपीएफ की टीम ने बैग को खोलकर देखा तो उसमें 20 लाख भारतीय रूपये बरामद हुए।यह जानकारी सशस्त्र पुलिस बल मोरंग के एसपी गेहेंद्र भंडारी ने सोमवार को दी। जब सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने पैसे लाने वालों की जांच करने की कोशिश की, तो वे अपने बैग फेंककर भागने में सफल रहे।श्री भंडारी ने बताया कि बरामद रकम को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को सौंपा जाएगा।बरामद रूपये भारत के हवाला कारोबारियों के रूपये बताए जा रहे हैं,जिसको लेकर नेपाल एपीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
