राजगढ़ में ढाबे पर पुलिस की कार्रवाई, आठ किलो से अधिक डोडाचूरा जब्त

0
11466f311ad4ef7e3751a5ba9bad4cf4

राजगढ़{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत भोजपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे से भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन और एसडीओपी धर्मवीर नागर के मार्गदर्शन में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे स्थित समराथल ढाबे पर अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबे से आठ किलो 300 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। मौके से पुलिस ने ढाबा संचालक राकेश (25) पुत्र मानसिंह सौंधिया निवासी भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय यादव सहित आर. चंद्रेश कुशवाह, राकेश चौधरी, अब्दुल इंसाफ और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *