उधार रजनीगंधा नहीं देने पर दुकानदार की पीट पीटकर हत्या
अररिया{ गहरी खोज } : जिले में फारबिसगंज थाना क्षेत्र के खैरखा पंचायत के समौल में दुकानदार द्वारा उधार रजनीगंधा नहीं देने पर दुकानदार की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मामले को लेकर मृतक दुकानदार 50 वर्षीय इंद्रानंद यादव की खैरखा पंचायत की समौल वार्ड संख्या 14 की रहने वाली संझा देवी ने थाना में आवेदन देकर 11 लोगों को नामजद के साथ अन्य को आरोपी बनाया है।
थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया गया कि घर के बगल में ही स्थित दुकान के पास सोए हुए था। उसी समय समौल वार्ड संख्या 14 के रहने वाले शराब के नशे में धुत्त 22 वर्षीय छोटू यादव पिता योगेन्द्र यादव दुकान खुलवाकर रजनीगंधा उधार मांगने लगा। उधार देने से मना करने पर छोटू यादव गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इसी दौरान उन्होंने अपने घर पर फोन कर दिया। जिसके बाद मौके पर योगेन्द्र यादव,अजय यादव,बिपिन यादव,अनिल यादव,गजेंद्र यादव,उपेंद्र यादव,नीरज यादव,पंकज यादव,शशि देवी,राधा देवी सहित अन्य लोग लाठी डंडा और हथियार से लैस होकर आकर मारपीट करने लगा और पीटते पीटते दुकानदार इंद्रानंद यादव की हत्या कर दी।
फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में लाने पर रात में इन ड्यूटी चिकित्सक ने जख्मी इंद्रानंद यादव को मृत घोषित कर दिया।रात में मारपीट की घटना को गांव के लोगों के द्वारा देखे जाने की बात करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
सूचना के बाद रात को फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस अधिकारियों और बलों के साथ अनुमंडलीय अस्पताल सहित घटनास्थल पर जाकर मामले की तफ्तीश की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
