संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, पंजाब के कई शहरों में प्रदर्शन

0
3ecfa4103cada9808dc644c47ef57e2d
  • लुधियाना और बठिंडा में आमने-सामने आए भाजपा और आम आदमी पार्टी के समर्थक

चंडीगढ़{ गहरी खोज }: पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। रविवार को आम आदमी पार्टी ने पूरे पंजाब में भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किए। कई जिलों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा दफ्तरों के बाहर पहुंच गए, जहां दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। इस दौरान लुधियाना और बठिंडा में स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
लुधियाना में सबसे ज्यादा तनाव उस समय देखने को मिला जब आप की लुधियाना इकाई कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही थी। आप कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और ईडी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के करीब पहुंच गए। इस दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता के हाथ में चोट लग गई और खून बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ताओं की ओर झाड़ू भी फेंकी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं।
भाजपा की ओर से प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान और वरिष्ठ नेता परवीन बंसल मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया। वहीं, आप नेताओं ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
लुधियाना के गिल रोड स्थित दाना मंडी इलाके में आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला भी फूंका। आप नेताओं का कहना था कि विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में ईडी की कार्रवाई कर विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है।
आप लुधियाना शहरी इकाई के अध्यक्ष जतिंदर खंगूरा ने कहा कि संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी गैरकानूनी है और यह लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने के लिए कर रही है। वहीं बठिंडा में भी भाजपा कार्यालय के बाहर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान आप कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों गुटों के बीच मानव श्रृंखला बनाकर टकराव को रोका। मौके पर एसपी सिटी नरेंद्र सिंह और दो डीएसपी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारे लगाए, जबकि आप कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर पंजाब विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
जालंधर, होशियारपुर, मोहाली, बरनाला समेत कई अन्य जिलों में भी आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किए और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों के हाथों में “ईडी-भाजपा गठजोड़ मुर्दाबाद” लिखी तख्तियां भी देखी गईं।
गौरतलब है कि ईडी ने शनिवार को करीब 100 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से पंजाब की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि वह इस कार्रवाई के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी, जबकि भाजपा ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करार दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *