नेहरू प्लेस में आधुनिक डाकघर का लोकार्पण 2029-30 तक इंडिया डाकघर बनेगा लाभ केंद्र : सिंधिया

0
690809197_1531583708377069_2448405830849970856_n

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस में भारत सरकार के डाक विभाग के आधुनिक और अत्याधुनिक स्वरूप वाले नवीन डाकघर का लोकार्पण किया। इस आधुनिक डाकघर में लोगों के लिए उज्ज्वल और ग्राहक-अनुकूल वातावरण, ओपन डिजिटल सिस्टम, आधुनिक बैठने की व्यवस्था तथा कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराया गया है।
यहां गुरुवार को हुए इस लोकार्पण समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर पेम्मासानी भी मौजूद रहे। इन नेताओं ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर द्वारा डिजाइन किए इस भवन को डाक विभाग के भविष्य का प्रतीक बताया गया।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग केवल सेवा नहीं, बल्कि देश की जीवनधारा है और वर्ष 2029-30 तक इसे लागत केंद्र से लाभ केंद्र बनाने का लक्ष्य है। पिछले दो वर्षों में विभाग ने बैक-एंड सिस्टम्स, आईटी 2.0, विस्तारित कार्य अवधि और 24×7 सेवाओं के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता को मजबूत किया है। अब फोकस फ्रंट-एंड परिवर्तन पर है और यही मॉडल अगले डेढ़ वर्ष में देशभर के 25,091 डाकघरों में लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जैसे उनके पूज्य पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया रेल परिवार को अपना परिवार मानते थे, उसी प्रकार उनका रिश्ता देश के 4 लाख डाककर्मियों से केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि दिल का रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले प्रोजेक्ट एरो के माध्यम से डाक विभाग के आधुनिकीकरण का जो बीज बोया गया था, आज वह एक विशाल परिवर्तन के रूप में सामने आ रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में इंडिया पोस्ट के 1.65 लाख डाकघर हैं, अर्थात हर चार गांवों पर कम से कम एक डाक सेवा केंद्र उपलब्ध है। जहां डाकघर नहीं है, वहां इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक डिजिटल माध्यम से नागरिकों तक सेवाएं पहुंचा रहा है। केवल चार वर्षों में इसके 13 करोड़ उपभोक्ता बन चुके हैं। प्रतिवर्ष 7.5 करोड़ पार्सल वितरित किए जा रहे हैं, 90 करोड़ चिट्ठियों की डिलीवरी की जा रही है, अब तक 2.12 करोड़ पासपोर्ट बनाए गए हैं, 15 करोड़ आधार कार्ड डाकघरों में बनाए गए हैं, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस के लगभग ढाई करोड़ उपभोक्ता हैं, लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का बीमा निवेश विभाग द्वारा प्रबंधित किया जा रहा है, पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक में 40 करोड़ रुपये खाते हैं और इन खातों में 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि है।
सिंधिया ने कहा कि डिजिटल युग में ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स भारत की आर्थिक शक्ति के नए आधार बन रहे हैं और इंडिया पोस्ट इस परिवर्तन का सबसे बड़ा स्तंभ बनने जा रहा है। विभाग शीघ्र ही एक व्यापक डाक लॉजिस्टिक्स अवसंरचना योजना लेकर आ रहा है, जिसके माध्यम से भारत में विश्वस्तरीय लॉजिस्टिक्स नेटवर्क विकसित किया जाएगा। बीते एक वर्ष में इंडिया पोस्ट की आय 13,218 करोड़ रुपये से बढ़कर 15,296 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। अभी विभाग भारत सरकार के लिए लागत केंद्र है, लेकिन डाक परिवार वर्ष 2029-30 तक इसे लाभ केंद्र बनाने की दिशा में अग्रसर है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि डाक विभाग ने तकनीक के साथ स्वयं को नए दौर के अनुरूप विकसित किया है। यह नया डाकघर नागरिकों को तेज, सरल और आधुनिक सेवाओं का बेहतर अनुभव प्रदान करेगा। आज डाकघर केवल पत्र सेवा तक सीमित नहीं बल्कि पार्सल, बैंकिंग, बीमा, आधार और पासपोर्ट जैसी अनेक सुविधाओं के माध्यम से जनसेवा का सशक्त केंद्र बन चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *