बंगाल के लोगों के सपनों को पूरा करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी भाजपाः मोदी

0
0ede5830f59c87299fd2beae11a21337

बंगाल की विजय तृणमूल के ‘भय’ के ऊपर मोदीजी पर ‘भरोसे’ की जीतः अमित शाह

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।
प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट पर चुनावों को अविस्मरणीय और नतीजों को जनशक्ति की जीत बताया है। विजय के लिए बंगाल की जनता का आभार प्रगट करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के सुशासन की राजनीति को यहां के लोगों का भरपूर आशीर्वाद मिला है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी। जीत को भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कर्मठ कार्यकर्ताओं के दशकों के अथक प्रयास और संघर्षों का परिणाम बताया है और कहा कि वे हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।
वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ कभी भूल नहीं पाएंगी। बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदीजी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे।
शाह ने कहा, “यह तृणमूल के ‘भय’ के ऊपर मोदीजी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में माँ गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है।” शाह ने कहा, “चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और ‘सोनार बांग्ला’ के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी।” उन्होंने कहा कि यह जीत असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *