उत्तरकाशी में ऑनलाइन गैस बुकिंग लागू, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

0
babbef8742fca7d212c391c6a148add5

उत्तरकाशी{ गहरी खोज }: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने शनिवार को गैस एजेंसियों की महत्वपूर्ण बैठक लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि अब जनपद में ऑनलाइन गैस बुकिंग को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा और गैस वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े और उन्हें समय पर सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि गैस वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी, अवैध भंडारण या घरेलू सिलेंडरों के वाणिज्यिक उपयोग को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन इस पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे गैस वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाएं और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं हो पा रही है, वहां एजेंसियां वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करें ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में इंडियन गैस, भारत गैस और एचपी गैस के प्रबंधक उपस्थित रहे, जिन्हें निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *