200 करोड़ की ठगी मामला: लीना मारिया की जमानत पर टली सुनवाई
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: 200 करोड़ रुपए की ठगी से जुड़े मामले में आरोपी और सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी फिल्म अभिनेत्री लीना मारिया की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दाखिल जमानत याचिका पर शनिवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई टल गई है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 अप्रैल की तारीख निर्धारित की है।
इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने लीना मारिया की मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट) के तहत दायर जमानत याचिका पर बहस पूरी कर ली थी और फैसला सुरक्षित रख लिया था। हालांकि, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर सुनवाई अब आगे बढ़ेगी।
पिछली सुनवाई के दौरान लीना की ओर से अदालत में यह दलील दी गई थी कि उनके और सुकेश चंद्रशेखर के संबंध अब सामान्य नहीं हैं और दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं। बचाव पक्ष ने यह भी कहा था कि सुकेश का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है। जब अदालत ने इस महिला की पहचान के बारे में पूछा, तो लीना की ओर से पेश वकील ने फिल्म अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम लिया था, जिससे मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया था।
गौरतलब है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में लीना मारिया को सितंबर 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने गिरफ्तार किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में उन्हें गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, सुकेश चंद्रशेखर द्वारा कथित रूप से किए गए 200 करोड़ रुपए के ठगी में लीना की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल, इस मामले में जमानत याचिका पर अदालत में अगली सुनवाई 6 अप्रैल को होगी, जिस पर हर किसी की नजरें टिकी हुई हैं। गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है और यह मामला पहले से ही काफी चर्चा में रहा है। यह मामला साल 2021 में उस वक्त सामने आया जब तिहाड़ जेल से ही एक बड़े घोटाले को अंजाम देने वाले ठग सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज हुआ। आरोप है कि 200 करोड़ रुपए की ठगी की गई। बाद में, पता चला कि सुकेश ने इस रकम का इस्तेमाल कई हस्तियों को महंगे तोहफे देने में भी किया था, जिनमें जैकलीन फर्नांडीज का नाम प्रमुखता से सामने आया। जानकारी के मुताबिक, जैकलीन को सुकेश की ओर से कई महंगे गिफ्ट्स मिले थे, जिनकी कीमत करोड़ों में थी।
