हथियार तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, 10 तस्कर गिरफ्तार

0
202603253720321

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वॉल्टेड सिटी इलाके से एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से हथियार तस्करी करके दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों में आपराधिक गिरोहों को सप्लाई करता था।
इस मामले में 10 मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और साथ ही 21 हाई-एंड विदेशी हथियार भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 200 कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में सॉफ़िस्टिकेटेड सब-मशीन गन और सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल थे। इनमें पीएक्स-5.7 और पीएक्स-3, जो क्रमशः विशेष बलों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयुक्त होते हैं।
साथ ही स्टॉएगर (तुर्की), शैडो सीजेड (चेक रिपब्लिक), बेरेटा (इटली), टॉरस (ब्राज़ील) और वाल्टर (जर्मनी) जैसे नामी हथियार भी बरामद हुए। पीएक्स-5.7 पिस्टल खासतौर से केवल स्पेशल फोर्सेस के लिए इस्तेमाल की जाती है और इसका अपराधियों के पास होना बड़ी चिंता की बात है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह तस्करी नेटवर्क बेहद संगठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर का था। हथियार पाकिस्तान से भारत-नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारत में लाए जा रहे थे और फिर स्थानीय गैंग्स के हाथों में पहुंचाए जा रहे थे।
इन हथियारों का इस्तेमाल दिल्ली-एनसीआर में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जाता था। गिरफ्तार किए गए तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे इस नेटवर्क के तहत लंबे समय से काम कर रहे थे और इनके पास हथियारों की खरीद-बिक्री का पूरा लॉजिस्टिक प्लान था। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में हथियार तस्करी को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल ऑपरेशन बताया और कहा कि आगे भी ऐसे गिरोहों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। बरामद हथियारों और गोलियों का विश्लेषण चल रहा है ताकि पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल किस-किस घटना में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *