सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या
कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के बर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार को घरेलू कलह के चलते सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुरानी बस्ती इलाके में रहने वाले साहेब लाल केस्को में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में पत्नी ललिता (65) और बेटाें में बड़ा बेटा महेंद्र अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में रहता है।अविवाहित छोटा बेटा सुरेंद्र माता-पिता के साथ ही रहता है।
राेजाना की तरह साेमवार काे सुरेंद काम पर चला गया। उसी के बाद साहेब लाल का छोटा भाई महेश उनसे मिलने घर पहुंचा।घर के मुख्य दरवाजे पर बैठे साहेब लाल से महेश ने उनका हालचाल लेते हुए भाभी ललिता के बारे में पूछा।इस पर साहेब लाल कुछ नहीं बाेला ताे महेश दरवाजा खोलकर कमरे में पहुंचा ताे उसने देखा कि भाभी ललिता का शव जमीन पर पड़ा हुआ हैं। शव के पास ही एक धारदार हथियार और एक ईंट पड़ी थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी । पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
