माता-पिता के साथ खेत मे मिर्च तोड़ने गये बालक पर तेंदुए ने किया हमला

0
78fb3fb6ab27833765699e2494a16c0a

लखीमपुर खीरी{ गहरी खोज }: उत्तर खीरी वन रेंज के अंतर्गत धौरहरा क्षेत्र के मैला गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में मिर्च तोड़ रहे एक 12 वर्षीय बालक पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुज राजपूत (12 वर्ष) पुत्र सहजराम, निवासी मैला, कोतवाली धौरहरा, अपने माता-पिता के साथ खेत में मिर्च तोड़ने गया था। इसी दौरान खेत से निकले तेंदुए ने बालक पर हमला कर दिया। परिजनों व ग्रामीणों की मदद से घायल बालक को तुरंत सीएचसी धौरहरा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की नसीहत दी। इस बाबत वन विभाग के वन रक्षक उत्तम पाण्डेय ने बताया कि विभाग के द्वारा लोगों को सतर्क रहने की जानकारी देने के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ाकर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *