कोडरमा के जयनगर से लापता 10 बच्चे सकुशल बरामद, गया के चाइल्ड केयर में सुरक्षित
कोडरमा{ गहरी खोज }: कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरियोडीह पंचायत के बिरहोर कॉलोनी गड़ियाय से लापता हुए 10 बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया है। जयनगर के अंचलाधिकारी सारांश जैन ने शनिवार को बताया कि सभी बच्चे बिहार के गया स्थित चाइल्ड केयर केंद्र में सुरक्षित हैं।
सभी 10 बच्चों के एक साथ लापता होने की खबर सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खोजबीन तेज की और बच्चों की सूचना देने वाले को एक लाख रुपये नगद इनाम देने की घोषणा भी की गई थी।
शनिवार को गयाजी से जिन बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, उनमें निशा कुमारी (07), रमेश बिरहोर (05), सजनी कुमारी (09), अनिशा कुमारी (07), सत्यम बिरहोर (06), मिथुन बिरहोर (09), रेखा कुमारी (06) और बिरजू बिरहोर (11) शामिल हैं। सभी बच्चे खरियोडीह पंचायत के गड़ियाय बिरहोर टोला के निवासी बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के साथ जयनगर पुलिस बल गांव पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान चलाने के लिए विशेष टीम गठित की थी, जिसके प्रयास से बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया। अब यह जांच की जा रही है कि बच्चे कोडरमा से गया कैसे पहुंचे और इस पूरी घटना के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं। प्रशासन ने बच्चों के सकुशल मिलने पर राहत जताई है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
