EVCL क्रिकेट लीग फर्जीवाड़े में टीम मालिकों से 32 लाख की ठगी, आयोजक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हल्द्वानी{ गहरी खोज }: गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर काठगोदाम पुलिस ने टीम मालिकों से 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आयोजक विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम पर लीग आयोजित करने का झांसा देकर रकम वसूली थी। पुलिस ने आरोपी के दो बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना काठगोदाम में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। एसएसपी मंजुनाथ टीसी के अनुसार आरोपी ने टूर्नामेंट शुरू न होने पर टालमटोल की और बाद में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
