एसएसबी ने पथरदेवा में दो किलो गांजा के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
अररिया{ गहरी खोज } :भारत-नेपाल सीमा पर नशे के सामग्री के तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाते हुए एसएसबी 56 वीं वाहिनी शुक्रवार को कार्रवाई की। एसएसबी 56 वीं वाहिनी के पथरदेवा बीओपी के द्वारा सीमा स्तंभ संख्या-186 के पास दो किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पथरदेवा निवासी नितेश कुमार पिता शंभु ठाकुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,दो तस्कर एक बाइक पर सवार होकर नेपाल की ओर से गांजा लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा था। पथरदेवा सीमा चौकी की टीम को सामने देख तस्करों ने भागने का प्रयास किया।इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर एक गाय से टकरा गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई।बाइक के पीछे बैठा तस्कर रंजीत ठाकुर मौके का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकला।हालांकि जवानों ने चालक नितेश कुमार को गिरफ्तार करने में कामयाब रहे। पथरदेवा सीमा प्रभारी उपनिरीक्षक सूरत सिंह चौहान ने बताया कि जब्त गांजा और आरोपित को आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद बथनाहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
