जो गेंदबाज़ी, बल्लेबाज़ी और फील्डिंग तीनों में कमाल कर दे- वही असली ऑलराउंडर: शिवराज सिंह
रायसेन में सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री चौहान, क्रिकेटर रविन्द्र जडेजा
रायसेन{ गहरी खोज }: केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रविन्द्र जडेजा यानी जज़्बा, जुनून। जो अपनी स्पिन से बल्लेबाज़ को क्लीन बोल्ड कर दे, जो आख़री ओवर में भी जीत की उम्मीद जगा दे और जो गेंदबाज़ी, बल्लेबाज़ी और फील्डिंग तीनों में कमाल कर दे, वही असली ऑलराउंडर होता है और युवाओं के लिए प्रेरणा है।
केन्द्रीय मंत्री चौहान सोमवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आयोजित 100 दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑल राउंडर खिलाड़ी रविन्द्र जडेजा भी मौजूद थे। इस अवसर पर खेल महोत्सव के फाइनल में क्रिकेट-कबड्डी खेलों के फाइनल रोमांचक मुकाबले हुए।
रायसेन स्थित खेल स्टेडियम में केन्द्रीय कृषि मंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, मछुआ कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार और क्रिकेटर रविन्द्र जडेजा ने कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री करन सिंह, खेल मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी सहित विदिशा संसदीय क्षेत्र के विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, पूर्व कैबीनेट मंत्री रामपाल सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधी भी उपस्थित रहे। शुभारंभ के उपरांत अतिथियों द्वारा खुले वाहन में मैदान का भ्रमण किया और खिलाड़ियों व दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि रायसेन में आयोजित यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आनंद, प्रेम और स्नेह का कुंभ है। यह खेल महाकुंभ 100 दिन पहले प्रारंभ हुआ, जिसमें 952 पंचायतों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत, मंडल और विधानसभा स्तर के मुकाबलों के बाद आज क्रिकेट और कबड्डी खेलों में महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। इस पूरे आयोजन में लगभग एक लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें बच्चों के साथ-साथ कहीं सास-बहू ने टीम बनाकर रस्साकशी की तो कहीं मां-बेटी की टीम ने खेलों में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि रायसेन किले तक रोपवे की अनुमति भारत सरकार से प्राप्त हो चुकी है। अब रोपवे किले के ऊपर तक जाएगा और वहां एक भव्य म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही किले का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे रायसेन की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खुलेगा, जिसकी घोषणा पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर चुके है। साथ ही रायसेन में 12, 13 और 14 अप्रैल को किसान कुंभ और किसान मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही उनके जीवन की सबसे बड़ी सफलता है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मामा कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव, ग्रामीण और शहरी युवाओं को उनके कौशल का प्रदर्शन करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार खेलों इंडिया के लिए और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनका मंशानुरूप ही देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन हो रहा है। तोमर ने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र में वृहद स्तर पर सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया और आज इसका समापन हो रहा हैं। लगभग सौ दिवस तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन हुआ है। खेलों का जीवन में बहुत महत्व है! खेल के माध्यम से जीवन में अनुशासन का समावेश होता है। साथ ही टीम भावना भी बढ़ती है।
विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि आज यहां खेलों का समागम हो रहा है। यह ऐतिहासिक क्षण है जब हमारे बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑल राउंडर खिलाड़ी रविन्द्र जडेजा हमारे बीच उपस्थित हैं। उन्होंने सांसद खेल के महोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिला है। इस आयोजन के बाद बच्चों की, युवाओं की खेलों में और रूचि बढेगी।
