कार पलटने से युवती की मौत का मामला : परिजन बोले- हादसा नहीं, हत्या की गई
जोधपुर{ गहरी खोज }: फलोदी में कार पलटने से युवती की मौत मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका के परिजनों ने इसे हादसा नहीं, बल्कि षड्यंत्रपूर्वक की गई हत्या बताते हुए चाखू पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि चीमाणा से केलनसर जाने वाले सडक़ मार्ग पर बुधवार को केलनसर निवासी एक युवती की मौत हो गई थी और कार सडक़ किनारे पलटी हुई मिली थी। कार केलनसर से चीमाणा की ओर जा रही थी। वाहन अनियंत्रित होकर खेत की तारबंदी से टकराने के बाद पलट गया, जिसमें सवार कोडिया नाड़ा, केलनसर निवासी संतोष पुनिया पुत्री कंवरलाल गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल आऊ उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती का शव फलोदी में रखवाया गया था।
युवती की हत्या का आरोप लगाते मृतका के पिता कंवरलाल ने बताया कि उनकी पुत्री संतोष घर पर ही रहती थी। चिमाणा निवासी एक युवक उससे फोन पर बातचीत करता था, जिसे मना करने पर आरोपी ने धमकियां दीं। सामाजिक मान-मर्यादा को देखते हुए उन्होंने उस समय पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। बाद में आरोपी की ओर से रिश्तेदारों को भी धमकियां दी जाने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जनवरी को परिवार में कन्याभोज का आयोजन था। इसके लिए ही बेटी घर से निकली, लेकिन आरोपियों ने मिलकर जबरदस्ती उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि उसे डराकर जबरन शादी के लिए दबाव बनाया गया। जब संतोष ने शादी से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जबरदस्ती चालक सीट पर बैठाकर वाहन को तारबंदी व खूटों से टकराकर पलटवा दिया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।
