26 जनवरी को डीएसए मैदान मल्लीताल में गणतंत्र दिवस परेड
नैनीताल{ गहरी खोज }: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में गणतंत्र दिवस परेड–2026 का भव्य आयोजन 26 जनवरी सोमवार को डीएसए मैदान मल्लीताल में किया जाएगा। इससे पूर्व शनिवार को पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों ने पूरे गणवेश में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि दीपक रावत आयुक्त कुमाऊँ मंडल के कर कमलों से प्रातः 11 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रध्वज को सलामी दी जाएगी तथा आकर्षक रैतिक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। परेड एलाइनमेंट प्रातः 10:30 बजे होगा। कार्यक्रम में नैनीताल के जिलाधिकारी, कुमाऊँ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक सहित आमजन की उपस्थिति रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
