किसान भारत की आत्मा, उनके सशक्त होने से देश करता है प्रगति: मुख्यमंत्री

0
831396dbdf15ca4149a9169b16d86e56

जयपुर/सिरोही{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान भारत की आत्मा है। जब किसान सशक्त होता है तो गांव, प्रदेश और देश प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकल्प पत्र में किए गए वादों को लगातार पूरा कर रही है और किसानों के कल्याण एवं समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 23 जनवरी (बसंत पंचमी) से प्रदेश के प्रत्येक गिरदावर सर्कल पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने किसानों और पशुपालकों से इन शिविरों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री गुरुवार को सिरोही में किसान सम्मान निधि के हस्तांतरण एवं ग्राम उत्थान शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई थी, जो देश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। साथ ही आज ही के दिन ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत भी की गई थी, जिसने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, महिला, युवा और किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। आमजन तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉन्ड, फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सोलर पंप जैसी योजनाओं की स्वीकृतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण, किसान क्रेडिट कार्ड, कस्टम हायरिंग सेंटर, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुओं का पंजीकरण व टीकाकरण, डेयरी सहकारी समितियों का पंजीकरण, स्वामित्व कार्ड वितरण, नहरों व खालों की मरम्मत, पीएम सूर्य घर योजना के पंजीकरण और ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण अभियान से जुड़े कार्य भी इन शिविरों में किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदेश के एक करोड़ से अधिक किसान, महिला और श्रमिक लाभार्थियों को 1590 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में अंतरित की। उन्होंने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किश्त के रूप में 65 लाख से अधिक किसानों को 653 करोड़ रुपये दिए। इसके अलावा 5 लाख किसानों को फसल खराबे पर 327 करोड़ रुपये का मुआवजा, समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 10 हजार से अधिक किसानों को 240 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 4 लाख पशुपालकों को 50 करोड़ रुपये दिए गए।
इस दौरान मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के 30 लाख से अधिक लाभार्थियों को 75 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना के 20 हजार लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये तथा एक लाख निर्माण श्रमिकों को 100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी से दी गई। साथ ही 40 करोड़ रुपये के कृषि उपकरणों का वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि की 6 हजार रुपये की राशि में 3 हजार रुपये जोड़कर इसे 9 हजार रुपये किया है। गेहूं खरीद पर पिछले दो वर्षों में बोनस भी दिया गया है।
उन्होंने बताया कि दो वर्षों में किसानों को 50 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया गया है। पीएम कुसुम योजना के तहत 52 हजार सोलर पंप सेट लगाकर 822 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। वर्तमान में 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। गौशालाओं के अनुदान में वृद्धि, गोपालक परिवारों को ब्याज मुक्त ऋण और मोबाइल पशु चिकित्सा सेवाओं से पशुपालकों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पिछली सरकार ने अंतिम वर्ष में निवेश समिट की, वहीं वर्तमान सरकार ने आते ही राइजिंग राजस्थान समिट आयोजित की, जिसमें 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक एक लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, 1.43 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और एक लाख पदों का भर्ती कैलेंडर भी जारी किया गया है।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और सांसद मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में ग्राम उत्थान शिविरों का शुभारंभ लघु वीडियो फिल्म के माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्राकृतिक व जैविक खेती, कृषि यंत्रों व एग्री स्टार्टअप की जानकारी ली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी जिलों से लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *