पुणे और नासिक में दो अलग-अलग सडक़ हादसों में चार की मौत, नौ घायल
मुंबई { गहरी खोज }: महाराष्ट्र के पुणे और नासिक जिले में रविवार को सुबह हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। इन दोनों सडक़ हादसों की स्थानीय पुलिस छानबीन कर रही है। कोरेगांव पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संगीता जाधव ने रविवार को बताया , सुबह करीब 4.30 बजे एक कार बंडगार्डन मेट्रो स्टेशन के एक खंभे से टकरा गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार दो लोगों की मौत हो गई और एक तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान ऋतिक भंडारे और यश भंडारे के रुप में की गई है। घायल का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में कार चकनाचूर हो गई है और कार के अंदर शराब की बोतलें मिली हैं। इसलिए कार में सफर कर रहे युवकों का शराब पीकर गाड़ी चलाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। कोरेगांव पुलिस स्टेशन की टीम मामले की छानबीन कर रही है।
इसी तरह नासिक जिले के इगतपुरी में आज सुबह सांगली के जत तहसील के दहीवली से शेगांव देवदर्शन के लिए जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर समृद्धि हाइवे पर हादसाग्रस्त हो गया। इस घटना में चालक दत्ता ढकवाल और सुरेश गौरू लाड (60) की मौत हो गई। जबकि नंदकुमार मोरे (54), आकाश गरुड़ (25), शशिकांत लाड (65) इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका गहन चिकित्सा इकाई में इलाज चल रहा है। रेखा लाड, राजेश लाड, अशोक लाड और अन्य दो मामूली रूप से घायल हो गए। उनका भी एसएमबीटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना की छानबीन इगतपुरी पुलिस कर रही है।
