हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र सरकार: प्रियंका गांधी

0
943711daaa6603583d46af2158d01b5b

शिमला{ गहरी खोज }: कांग्रेस की महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में आई आपदा के दौरान सैंकड़ों परिवार उजड़ गए, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने प्रदेश की कोई मदद नहीं की। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बार-बार आग्रह किया, फिर भी केंद्र सरकार ने प्रभावितों के लिए राहत देने से परहेज किया।
प्रियंका गांधी सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित एक भव्य समारोह में बोल रही थीं, जहां कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित एक चित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसका सोनिया गांधी ने अवलोकन किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि हम उस नेता की प्रतिमा का अनावरण कर रहे हैं, जिनका जीवन हिमाचल प्रदेश की सेवा में समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ऐसे नेता थे जिनके दिल में हमेशा प्रदेश की भलाई की भावना रही। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर अपने परिवार के हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव का भी ज़िक्र किया और कहा कि उनका इस पहाड़ी प्रदेश से गहरा रिश्ता है।
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को आज ऐसी राजनीति की जरूरत है जो सोशल मीडिया से आगे बढ़कर लोगों के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सच्चाई और सेवा पर आधारित है, और राहुल गांधी इसी विचारधारा को निडरता से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति केवल चुनाव जीतने तक सीमित है, जबकि कांग्रेस जनता के दुख-दर्द में साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें वीरभद्र सिंह के साथ कांग्रेस में तीस वर्षों तक काम करने का अवसर मिला और उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को जनता सड़क के नेता के रूप में जानती है, जो सच्चे जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1971 में जब इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, तब भाजपा के नेता ‘स्टेटहुड को मारो ठुड’ जैसे नारे लगाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी परिवार का हिमाचल के प्रति योगदान अमूल्य है और प्रदेश हमेशा उनके ऋणी रहेगा।
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सोनिया गांधी की सोच और प्रयासों से ही प्रदेश को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी बड़ी सौगातें मिली हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी के हिमाचल में घर बनाने से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के समग्र विकास की नींव कांग्रेस पार्टी ने रखी है और वर्तमान कांग्रेस सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण हमारे लिए एक भावुक क्षण है। उन्होंने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के कार्यक्रम में आने को गौरवपूर्ण बताया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तरह सादगीपूर्ण जीवन जीते हैं और जनता के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *