मुख्यमंत्री ने राजपूताना राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र के पास फुट-ओवर ब्रिज का किया शिलान्यास

नई दिल्ली{ गहरी खोज }:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली कैंट स्थित राजपूताना राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र के पास फुट-ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया। इस मौके पर दिल्ली के लोकनिर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज समेत सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने जवानों को होने वाली इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। हमारी सरकार के पास जब जवान इस समस्या को लेकर आए तो हमने तुरंत इस पर ध्यान देते हुए आज इस फुट-ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों को सिर सिर्फ तिरंगे के आगे ही झुके, न की अव्यवस्था के कारण।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज फुट-ओवर ब्रिज का शिलान्यास करके जवानों को दीपावली का सरकार ने उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े में शुरू हुई ऐसी पहलें न केवल स्वच्छ और सुरक्षित दिल्ली का निर्माण कर रही हैं, बल्कि संसाधनों से सम्पन्न, सुगम यातायात और नागरिक सुविधा से युक्त विकसित दिल्ली के सपने को भी साकार कर रही हैं।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इस फुट-ओवर ब्रिज की मांग हमारे सैनिकों द्वारा पिछले 30 सालों से की जा रही थी। आज उनका यह सपना पूरा हुआ है। यह ब्रिज हमारे वीर जवानों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। दिल्ली के इंफ़्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और जनता की दशकों पुरानी समस्याओं का समाधान करना ही हमारा संकल्प है।