बाढ़ से सबसे प्रभावित गरीब लोंगों को 18 हजार की आर्थिक मदद की जाए: केजरीवाल

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली में आई बाढ़ का पानी नीचले इलाकों से तो उतर गया, लेकिन इससे प्रभावित हजारों परिवारों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। कई दिनों तक घरों में भरे पानी से सारा सामान बर्बाद हो गया है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ प्रभावित लोगों के दर्द-तकलीफ को समझते हुए दिल्ली की भाजपा सरकार से उन्हें तत्काल मुआवजा देकर राहत पहुंचाने की अपील की है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आई बाढ़ से सबसे ज्यादा गरीब लोग प्रभावित हुए हैं। मेरी दिल्ली सरकार से अपील है कि वह इन गरीबों को हर तरह की राहत तुरंत पहुंचाए।
केजरीवाल ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित बहुत सारे लोग कई दिनों से ड्यिूटी पर नहीं जा सके हैं। ऐसे लोगों को भी दिल्ली सरकार द्वारा तय न्यूयनत वेतन 18 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाए। इस बाढ़ में किसानों की काफी फसल बर्बाद हुई है। यह फसल ही उनकी जीविका है। फसलों के बर्बाद होने से उनके सामने पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है।
ऐसे में दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह इन किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा दे। मेरी अपील है कि सरकार फसलों के नुकसान के बदले कम से कम 20 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा दे। बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बच्चों को नई किताबें, कॉपियां और स्कूल का सामान दिया जाए। जिनके कागजात बह गए हैं, उनको कैंप लगाकर दोबारा बनवाया जाए। इसके अलावा बाढ़ से हुए नुकसान का आंकलन कराकर उसका भी मुआवजा दिया जाए।