भगवान राम के घर लौटते ही भारत के सौभाग्य का हुआ सूर्योदय : शेखावत

0
d3467a02b994ff4052217d048ffe81d2

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमारी पीढ़ी बहुत सौभाग्यशाली है कि हम अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के साक्षी बने। उन्होंने कहा कि भगवान राम जिस दिन से अपने घर लौटे तो भारत के सौभाग्य का भी सूर्योदय हुआ। भारत को उत्कर्ष पर पहुंचाने के लिए जरूरी है कि राम के चरित्र से लोग जुड़ें और इसमें राम लीला महत्वपूर्ण जरिया बन रही है। यह बात उन्होंने गुरुवार को रोहिणी सेक्टर-23 के डीडीए रामलीला मैदान में रामलीला भूमि पूजन कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री भाजपा बीएल संतोष, दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज, सांसद मनोज तिवारी, विधायक अशोक गोयल सहित अन्य जन प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या लोगों ने सहभागिता की।
यहां रामलीला का आयोजन सनातन संस्कारम परिवार की ओर से किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने अजय भाई द्वारा राम कथा का आनंद भी लिया।
दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार सुनिश्चित कर रही है कि इस बार दिल्ली में रामलीला का आयोजन, अब तक का सबसे भव्य आयोजन हो। यह रामलीला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सनातन धर्म के शाश्वत आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का एक दिव्य प्रयास है। प्रभु श्रीराम की यह कथा समाज को भक्ति, मर्यादा और संस्कृति की राह दिखाती रहेगी। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है कि राजधानी में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक आयोजन विश्वस्तरीय हों और नई पीढ़ियों तक नैतिक और सामाजिक मूल्यों का संदेश पहुंचाएं।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि रामलीला के माध्यम से हमें सत्य, धर्म और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश मिलता है। उन्होंने अपने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
आयोजकों ने सहयोग के लिए समाज कल्याण मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आस्था और समर्पण के साथ रविंद्र इंद्राज सिंह ने इस भव्य रामलीला के आयोजन का पावन संकल्प लिया है। उनकी आध्यात्मिक दृष्टि और अथक प्रयासों ने इस दिव्य आयोजन को संभव बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *