झारखंड के राज्यपाल ने राज्य विद्युत नियामक आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष को दिलाई शपथ

0
eddd3b2f11d3e16b9cd12702454f1b2e

रांची{ गहरी खोज }: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को राज भवन के दरबार हॉल में झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश नवनीत कुमार को झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की झारखण्ड राज्य विद्युत नियामक आयोग, रांची के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति संबंधी अधिसूचना को पढ़ा । इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने उन्हें शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया। राज्यपाल ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शपथ दिलवाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, झारखण्ड विधानसभा की सदस्य कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव वंदना दादेल सहित भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं पुलिस सेवा के पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि तथा नवनियुक्त अध्यक्ष के परिजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *