बीएमसी चुनाव से पहले अमीत साटम मुंबई भाजपा के नए अध्यक्ष नियुक्त

0
w3ewsa56

मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र में तीन बार के विधायक अमीत साटम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह नियुक्ति इस साल के आखिर में होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव से पहले हुई है। फडणवीस ने उम्मीद जताई कि साटम के नेतृत्व में भाजपा बीएमसी में फिर से सत्ता हासिल करेगी। 49 वर्षीय साटम लगातार तीन बार से मुंबई के अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
फडणवीस ने यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी ने (निवर्तमान) नगर इकाई प्रमुख आशीष शेलार के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और मुंबई में अपना दबदबा कायम किया। उन्होंने कहा, ‘‘शेलार द्वारा कैबिनेट में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद मुंबई इकाई के लिए एक नया अध्यक्ष नियुक्त करना आवश्यक था। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में राज्य स्तर पर चर्चा के बाद अमीत साटम को इस पद के लिए चुना गया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि साटम लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं और उन्होंने वर्षों तक कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘साटम एक अनुभवी और दृढ़ निश्चयी विधायक के रूप में जाने जाते हैं। साटम मुंबई के ज्वलंत मुद्दों से परिचित हैं और उन्होंने उनसे निपटने के लिए आवश्यक कौशल का प्रदर्शन किया है।’’
फडणवीस ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भाजपा आगामी नगर निगम चुनाव में अपनी जीत की लय बनाए रखेगी और मुझे यह भी भरोसा है कि उनके नेतृत्व में हम बीएमसी में फिर से सत्ता हासिल करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई और राज्य के वरिष्ठ नेताओं के समर्थन से उन्हें उम्मीद है कि भाजपा बीएमसी के चुनाव में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *