भाजपा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कर रही कमजोर : हिमाचल कांग्रेस

0
e6f10fc0781424e24e2e093eb4d6aa76

शिमला{ गहरी खोज }: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह लोकतंत्र को कमजोर करने के साथ-साथ संवैधानिक संस्थाओं को भी कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग की कथित सांठगांठ को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह तथ्यों पर आधारित हैं। चुनाव आयोग को इसकी निष्पक्ष जांच कर देश को स्पष्ट उत्तर देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो प्रसारण के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग का रवैया पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है। राहुल गांधी द्वारा फर्जी वोट और वोट चोरी के तथ्य सार्वजनिक करने के बावजूद आयोग अपने उत्तरदायित्व से बच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में चुनाव आयोग इन तथ्यों पर कार्रवाई करने की बजाय उनसे शपथ पत्र मांग रहा है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र को बचाने और जनमत चोरी रोकने के लिए एक मुहिम शुरू की है, जिसमें सभी को एकजुट होकर शामिल होना चाहिए। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कभी पीछे नहीं हटेगी।
इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर, अजय सोलंकी, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षदगण, सेवादल प्रमुख अनुराग शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चेंदल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई पदाधिकारी तथा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने राहुल गांधी के इस वीडियो प्रसारण को देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *