हिमाचल ने पंजाब और जम्मू जाने वाली बस सेवाओं पर लगाई रोक, वैष्णो देवी यात्रा भी प्रभावित

0
himachal-1

शिमला { गहरी खोज }: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब परिवहन सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए पंजाब और जम्मू क्षेत्र की ओर जाने वाली अपनी बस सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
एचआरटीसी प्रबंधन ने पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और जम्मू के लिए चलने वाली सभी बसों का संचालन अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इसके साथ ही, माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाली बसों को भी रास्ते से ही वापस लौटाया जा रहा है। निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी स्थगन के मद्देनजर बनाएं।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने इस संबंध में जानकारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिंदल ने आश्वस्त किया कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे और बस सेवाओं को दोबारा शुरू करना संभव होगा, यात्रियों को तत्काल सूचित किया जाएगा। इस अस्थाई रोक से यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए निगम ने खेद व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *