सागर में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: एरियर्स पास कराने के नाम पर रिश्वत लेते अकाउंटेंट गिरफ्तार
सागर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर लोकायुक्त पुलिस ने गुरूवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट (लिपिक) गांधाली कदम को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने एक शिक्षक के लंबित एरियर्स का भुगतान कराने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, सांदीपनि विद्यालय में प्रथम श्रेणी शिक्षक के पद पर कार्यरत गेंदाराम अहिरवार का लगभग 60 हजार रुपये का एरियर्स बकाया था। आरोप है कि इस राशि के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए गांधाली कदम ने पहले 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी, बाद में सौदा 2,500 रुपये में तय हुआ।
रिश्वत देने के बजाय शिक्षक ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त कार्यालय में की। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही गांधाली कदम ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता शिक्षक गेंदाराम अहिरवार ने आरोप लगाया कि विद्यालय में वर्ष 2021 के बाद नियुक्त हुए कई शिक्षकों से भी वेतन निर्धारण (पे-फिक्सेशन) और एरियर्स जारी करने के नाम पर पैसे मांगे जाते रहे हैं। उनके अनुसार, विद्यालय में पदस्थ करीब 70 नव-नियुक्त शिक्षकों पर भी इसी प्रकार का दबाव बनाया जा रहा था। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और कर्मचारी संगठनों में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
