लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकतंत्र में ज्यादा से ज्यादा जनभागीदारी पर दिया जोर

0
dd48620f877d3cf8dc3d5b14c6b52c8a

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को लोकतंत्र में ज्यादा से ज्यादा जनभागीदारी की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का निर्माण युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यबोध से संभव होगा।
ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय स्तर पर ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विविध संस्कृतियों और अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों वाली दुनिया की सबसे बड़ी आबादी होने के बावजूद आज़ादी के बाद देश बढ़ती जन-भागीदारी के साथ दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र देश की कार्य-संस्कृति और सोच का अहम हिस्सा रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश का भविष्य संवारने और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए लोकतंत्र में सक्रिय और समावेशी भागीदारी जरूरी है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी उपस्थित रहे।
‘विकसित भारत युवा संसद’ का आयोजन हर साल भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय की ओर से किया जाता है। यह प्रमुख पहल देशभर के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नीतिगत चर्चाओं और संसदीय कार्यवाही में शामिल होने का एक अनूठा मंच प्रदान करती है, जिससे ‘विकसित भारत 2047’ की यात्रा में उनकी भूमिका मजबूत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *