स्कूली वाहनों में मिली खामियां, 12 हजार रुपये का जुर्माना

0
ce6a11efb6eba2198f44f6a5c6bef237

धमतरी{ गहरी खोज }: नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। स्कूलों में बच्चों की वापसी के बीच स्कूली वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाकर परिवहन और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को 34 वाहनों का निरीक्षण किया, जिसमें 14 वाहनों में विभिन्न प्रकार की खामियां पाई गईं। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन संचालकों से कुल 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग द्वारा नगरी रोड स्थित भोयना के नवीन परिवहन कार्यालय परिसर में विशेष जांच अभियान आयोजित किया गया। अभियान में परिवहन उड़नदस्ता, यातायात पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों एवं लीज अनुबंध के माध्यम से संचालित बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही वाहनों में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं का भी परीक्षण किया गया।
जांच में कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। कुछ बसों में रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे, कई वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी, जबकि पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, वाइपर और अन्य आवश्यक लाइटें खराब पाई गईं। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, रॉन्ग साइड वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन संचालन से बचने तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच और प्रवर्तन कार्रवाई पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान नियमित रूप से जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्कूल पहुंचने और घर लौटने के दौरान बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *