आरपीएफ कर्मी ने महिला यात्री को गंभीर हादसे से बचाया
भागलपुर{ गहरी खोज }: ऑपरेशन जीवन रक्षा के अंतर्गत यात्री सुरक्षा के प्रति अपनी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट परिचय देते हुए, मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल ने भागलपुर रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री की जान बचाई। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी। उन्होंने बताया कि मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन तथा बरुण कुमार बेहरा सहायक सुरक्षा आयुक्त/प्रभारी आरपीएफ मालदा के पर्यवेक्षण भागलपुर रेलवे स्टेशन पर एक महिला की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया। यह सफलता प्लेटफॉर्म पर गश्त के दौरान एक आरपीएफ अधिकारी की त्वरित एवं सूझबूझपूर्ण कार्रवाई के कारण संभव हुई।
आरपीएफ पोस्ट भागलपुर के उप निरीक्षक संतोष कुमार प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हावड़ा छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज के निकट ट्रेन संख्या 13072 डाउन जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस के सुरक्षित परिचालन के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान, ट्रेन के चल पड़ने के बाद उन्होंने एक महिला को चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करते हुए देखा।
इस प्रयास में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म एवं ट्रैक के बीच के गैप की ओर फिसलने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उप निरीक्षक संतोष कुमार ने तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए महिला को तुरंत सुरक्षित स्थान पर खींच लिया, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई तथा उसकी जान बच गई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम शिद्रा वेगम (25 वर्ष) बताया। उन्होंने बताया कि वह अपने एक रिश्तेदार को उक्त ट्रेन से विदा करने के लिए भागलपुर रेलवे स्टेशन आई थीं। उन्होंने समय पर सहायता एवं जीवनरक्षक कार्रवाई के लिए आरपीएफ के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
