पिठोरिया फायरिंग का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार, देसी पिस्टल और बाइक बरामद
रांची{ गहरी खोज }: रांची जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश और एक हत्या मामले में गवाही को लेकर हुए विवाद का परिणाम है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि दो जून की शाम करीब छह बजे कोकदोरो निवासी फिरोज अंसारी ने पिठोरिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी,जिसमें कहा गया था कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और पुलिस जांच के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपित शोएब अंसारी उर्फ जुनुवा अंसारी (23) और अफसर अंसारी (22) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद हथियार को जब्त कर पुलिस ने फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि वर्ष 2022 में फिरोज अंसारी के भतीजे की हत्या हुई थी। उस मामले में गिरफ्तार आरोपित अफसर अंसारी भी नामजद था। पुलिस के अनुसार, उसी मामले में गवाही और पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। आरोप है कि फिरोज अंसारी पर अदालत में गवाही नहीं देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और इसी रंजिश के चलते उन पर जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने पूछताछ के दौरान फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इसके अलावा उन्होंने पिठोरिया और कांके थाना क्षेत्र में हुई कई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी अपनी भूमिका होने की बात कबूल की है। पुलिस उन मामलों की भी जांच कर रही है और संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अफसर अंसारी के खिलाफ पहले से हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है तथा उनके अन्य सहयोगियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
