शिमला में चिट्टा तस्करी के तीन मामलों में पांच गिरफ्तार
शिमला{ गहरी खोज }: शिमला जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन मामलों में कुल करीब 21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब के युवक भी शामिल हैं। सभी मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पुलिस थाना बालूगंज क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 15 मई को स्पेशल सेल की टीम एनएच-05 पर ख्वारा चौकी क्षेत्र में गश्त, यातायात जांच और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान जांच के लिए एक बस को रोका गया। तलाशी के दौरान बस में बैठे एक युवक के पास से एक कैरी बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय संजीव वर्मा निवासी कण्डयाली, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।
दूसरा मामला थाना ढली क्षेत्र का है। 14 मई की रात स्पेशल सेल शिमला और थाना ढली पुलिस की टीम ढली, संजौली और छोटा शिमला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक ढली क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दबिश दी और दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय तरविन्द्र सिंह और 29 वर्षीय मोहित कुमार निवासी पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
तीसरा मामला थाना कुमारसैन क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 12 मई को डिटेक्शन टीम सब डिवीजन रामपुर एनएच-05 पर बारुबाग के पास वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो लोगों के पास से करीब 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान मुश्ताक अली निवासी दत्तनगर, तहसील रामपुर और बलबीर निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लेकर मामले की जांच की जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि जिले में नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
