चलती ट्रेन में 63 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
जयपुर{ गहरी खोज }: राजधानी जयपुर में चलती ट्रेन के एसी कोच से 63 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये नकद चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए जीआरपी जयपुर ने मुख्य आरोपी को हरियाणा के महम क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी ज्वेलरी और नकदी बरामद कर ली है।
जीआरपी अजमेर के एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि चेन्नई निवासी जे. रोशन कुमार ने जीआरपी जयपुर थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार वह 1 मई को परिवार सहित ट्रेन से चेन्नई से जयपुर आ रहे थे। दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने पर उन्होंने अपना ट्रॉली बैग एसी कोच की गैलरी में रख दिया। दुर्गापुरा स्टेशन पर उतरने के बाद जब परिवार रायपुर पहुंचा तो बैग खोलने पर ज्वेलरी बॉक्स और दो लाख रुपये नकद गायब मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अरुण चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें संदिग्ध युवक बैग से सामान निकालते दिखाई दिए। जांच में सामने आया कि आरोपी सांगानेर स्टेशन के पास आउटर पर उतरकर ऑटो से चौमूं पुलिया पहुंचे और वहां से हरियाणा रोडवेज बस में सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से हरियाणा के महम क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 63 लाख रुपये के जेवरात और दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में जीआरपी के एएसआई जगदीश और आसिफ खान की विशेष भूमिका रही। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ ट्रेन में हुई अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
