पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार ही है भाजपा की कार्यशैली की मूल आत्मा: मंगल पाण्डेय

0
d807bd592e93aa258176b51d5b9c5dc4

सीवान{ गहरी खोज }: भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 16 एवं 17 मई 2026 को आयोजित होने वाले “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर 2026” की तैयारियों को लेकर सोमवार को फत्तेपुर स्थित दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह प्रशिक्षण शिविर जीरादेई प्रखंड के डिवाइन पब्लिक स्कूल में आयोजित होगा। बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और सिद्धांत भाजपा की कार्यशैली की मूल आत्मा हैं। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना से और सशक्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और प्रशिक्षण शिविर वैचारिक मजबूती प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर की सभी तैयारियां समय पर पूरी हों तथा आने वाले कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि सीवान भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता शिविर को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं तथा संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, आवास, भोजन एवं अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, अभिमन्यु कुमार सिंह, लालबाबू कुशवाहा, संजय पाण्डेय, सत्यम सिंह सोनू, देवेंद्र गुप्ता, मुकेश कुमार बंटी, अनुराधा गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, आभा सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *