अवामी लीग समर्थक 200 वकीलों को बार एसोसिएशन चुनाव लड़ने से रोका गया

0
7820362e8b2e320eb1cff1aab1e13d6b

ढाका{ गहरी खोज }: बांग्लादेश में अवामी लीग समर्थक करीब 200 वकीलों को जनवरी से अब तक करीब 13 बार एसोसिएशन इलेक्शन लड़ने से बैन कर दिया गया है। स्थानीय मीडिया ने ‘लॉयर्स एसोसिएशन’ सदस्यों के हवाले से यह खबर दी। हालांकि कई वकीलों ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की कोशिश की, लेकिन खबर है कि उन्हें नामांकन पत्र लेने या जमा करने से रोक दिया गया, और बार एसोसिएशन ने कई नामांकन रद्द कर दिए।
बांग्लादेश के जाने-माने अखबार ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, अवामी लीग समर्थक वकीलों पर पाबंदियों के बीच, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने बुधवार से दो दिवसीय चुनाव कराने का फैसला लिया है। हाल ही में, एससीबीए ने 13-14 मई के चुनावों के लिए 90 प्रत्याशियों में से 42 के नामांकन पत्र अवामी लीग से कथित लिंक के आधार पर खारिज कर दिए थे।
कई कानूनी जानकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के मुताबिक, बार एसोसिएशन चुनावों से अवामी लीग समर्थक वकीलों को बाहर रखना लोकतांत्रिक नियमों को कमजोर करता है और एसोसिएशन की आजादी के संवैधानिक नियमों के विरुद्ध है। सुप्रीम कोर्ट के वकील मंजिल मुर्शिद ने कहा कि अवामी लीग समर्थक वकीलों के साथ-साथ 14-पार्टी गठबंधन से जुड़े वकीलों और कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए।
द डेली स्टार ने मुर्शिद के हवाले से कहा, “यह मुद्दा अब एक सियासी दल तक सीमित नहीं है; यह पेशेवर निकायों के अंदर लोकतांत्रिक माहौल के घटते स्तर को लेकर बड़ी चिंताएं पैदा करता है।” पाबंदियों की निंदा करते हुए, सुप्रीम कोर्ट की एक और वकील, सारा हुसैन ने कहा, “पेशेवर निकायों के चुनाव लड़ने का अधिकार सीधे तौर पर संघ और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकारों से जुड़ा है।”
इसके अलावा, राजनीतिक पहचान से ज्यादा पेशेवर मूल्यों की अहमियत पर जोर देते हुए, सुप्रीम कोर्ट के वकील मोहम्मद शिशिर मनीर ने कहा, “हम सभी को व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए प्रयास करना होगा। पार्टिसिपेटरी चुनाव के लिए एक स्वतंत्र और निष्पक्ष वातावरण की आवश्यकता है।”
स्थानीय मीडिया ने बताया कि पिछले सप्ताह, अवामी लीग समर्थक कई वकीलों ने हाल ही में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वकीलों पर कई आरोप लगाए। उनका कहना था कि 21 मई को होने वाले चटगांव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (सीडीबीए) चुनाव के लिए जब वे लोग नामांकन पत्र लेने की कोशिश कर रहे थे तो जानबूझकर अड़चनें पैदा की गईं, उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई। यह घटना 4 मई को बार लाइब्रेरी के प्रवेश द्वार पर हुई, जब अवामी लीग के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार अब्दुर रशीद के नेतृत्व में वकीलों का एक ग्रुप ‘साधारण ऐनजीबी परिषद’ के बैनर तले नॉमिनेशन फॉर्म लेने गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *