‘सरकार 3’ के 9 साल पूरे होने पर जैकी श्रॉफ ने जाहिर की खुशी

0
14jackie-shroff

मुंबई{ गहरी खोज }: बॉलीवुड में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो कहानी के साथ-साथ दमदार किरदारों और डायलॉग्स की वजह से भी लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में बनी रहती हैं। ऐसी ही फिल्मों में शामिल है निर्देशक राम गोपाल वर्मा की ‘सरकार’ फ्रेंचाइजी… जिसने राजनीति, सत्ता और परिवार के संघर्ष को अलग अंदाज में पेश किया था। इस फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट ‘सरकार 3’ साल 2017 में रिलीज हुआ था और अब इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में अपने नौ साल पूरे कर लिए हैं।
इस खास मौके पर फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में ‘सरकार 3’ से जुड़े कई खास पल दिखाए गए। इस वीडियो में जैकी श्रॉफ अपने किरदार माइकल वाल्या के अंदाज में नजर आए। वीडियो में उनके साथ अमिताभ बच्चन, मनोज बाजपेयी, अमित साध, सुप्रिया पाठक और रोहिणी हट्टंगड़ी समेत फिल्म के कई कलाकार दिखाई दिए। इनके अलावा, वीडियो में फिल्म के तनाव से भरे सीन भी शामिल रहे, जिन्होंने दर्शकों को एक बार फिर फिल्म की कहानी की याद दिला दी।
जैकी श्रॉफ ने इस पोस्ट के जरिए फिल्म के नौ साल पूरे होने की खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “मैं ‘सरकार 3’ के नौ साल पूरे होने का जश्न मना रहा हूं।” इस वीडियो को और दमदार बनाने के लिए जैकी ने फिल्म में तनाव भरा बैकग्राउंड म्यूजिक भी लगाया।
‘सरकार 3’ की बात करें तो यह निर्देशक राम गोपाल वर्मा की मशहूर ‘सरकार’ फिल्म सीरीज का तीसरा पार्ट था। यह फिल्म ‘सरकार राज’ की कहानी को आगे बढ़ाती है। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने एक बार फिर सुभाष नागरे उर्फ सरकार का किरदार निभाया था। फिल्म में यामी गौतम, मनोज बाजपेयी, अमित साध, रोनित रॉय और पराग त्यागी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी सत्ता, राजनीति और अंदरूनी टकराव के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें एक बड़े बिल्डर और सरकार के बीच संघर्ष दिखाया गया, जो आगे जाकर कई राजनीतिक और पारिवारिक विवादों में बदल जाता है।
‘सरकार’ सीरीज की शुरुआत साल 2005 में हुई थी। पहली फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ अभिषेक बच्चन, केके मेनन, कैटरीना कैफ, तनिषा मुखर्जी, सुप्रिया पाठक, और अनुपम खेर नजर आए थे। बताया जाता है कि यह फिल्म हॉलीवुड की मशहूर फिल्म ‘द गॉडफादर’ से प्रेरित थी। इसकी सफलता के बाद ‘सरकार राज’ और फिर ‘सरकार 3’ बनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *