धमाकेदार प्रदर्शन के बाद ‘मैं 100 प्रतिशत बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों हूं’ :माधव तिवारी

0
evcgjkg8_madhav-tiwari-pc-x_625x300_12_May_26

धर्मशाला{ गहरी खोज }: आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। डीसी की इस जीत में 22 वर्षीय खिलाड़ी माधव तिवारी ने अहम रोल अदा किया। माधव ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
माधव ने पहले गेंदबाजी में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली का बड़ा विकेट अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 18 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की पांचवीं जीत दिलाई। माधव को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
माधव ने अपने शानदार प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, “मैं सबसे पहले टीम मैनेजमेंट को यह मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, और मैं बहुत लकी हूं कि मैं यहां जीतने वाली टीम में शामिल हो सका। माइंडसेट हमेशा यही रहता है कि अगर चीजें आपके हाथ में नहीं हैं, तो आप हर प्रैक्टिस सेशन में बेहतर करने की कोशिश करें। मैंने मुनाफ पटेल के साथ अपनी गेंदबाजी पर काफी काम किया, और मैंने बल्लेबाजी कोच के साथ अपनी रेंज-हिटिंग और ऐसी चीजों पर लगातार मेहनत की। यह मजेदार था, और मुझे खुशी है कि मैं टीम के लिए योगदान दे पाया।”
माधव से जब पूछा गया कि वह बल्लेबाजी या गेंदबाजी ऑलराउंडर में से क्या हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह 100 प्रतिशत बल्लेबाज और 100 प्रतिशत गेंदबाज हैं। मैच में अपने गेंदबाजी प्लान बताते हुए माधव ने कहा, “मुझे लगता है कि विकेट से लेंथ बॉल को मदद मिल रही थी, इसलिए मैं शुरू में उसी पर टिका रहा। मैं बीच-बीच में वाइड गेंदों और शॉर्ट गेंदों के साथ इसे मिक्स करने की कोशिश कर रहा था। मैं पूरी तरह से तैयार था और पिच से तेज गेंदबाजों को मदद भी मिल रही थी।”
माधव ने बताया कि दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच इयान बेल ने उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा, “हमारे बल्लेबाजी कोच (इयान बेल) ने मुझसे बस इतना कहा, ‘तुम्हारे पास पावर है, तुम्हारे पास सब कुछ है। बस कुछ अलग करने की कोशिश मत करो। बस अपना शेप बनाए रखो और गेंद को देखकर शॉट खेलो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *