जयपुर जेल से धमकी भरा वीडियो वायरल करने वाला बदमाश गिरफ्तार
जयपुर{ गहरी खोज }: केंद्रीय कारागृह (सेंट्रल जेल) जयपुर में मोबाइल का अवैध उपयोग कर धमकी भरा वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के सनसनीखेज मामले में लाल कोठी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल करने वाले ‘टॉप-10’ सूची में शुमार शातिर आरोपित जगदीप पहलवान को गिरफ्तार किया है और साथ ही पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि सितंबर 2025 में जयपुर सेंट्रल जेल के भीतर निषिद्ध सामग्री (स्मार्टफोन) का उपयोग कर कुछ कैदियों ने एक धमकी भरा वीडियो बनाया था। इसके बाद इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर jagdeep_pahalwan_777 नामक आईडी से वायरल किया गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकोठी थाने में आईटी एक्ट,बीएनएस और कारागार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेल के भीतर वीडियो बनाने वाले छह आरोपित—निखिल, अंकित जाट, प्रमोद स्वामी, राकेश गुर्जर, देशराज गुर्जर और रवि उर्फ रविंद्र गुर्जर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला मुख्य अभियुक्त जगदीप उर्फ कीडू जेल से जमानत पर बाहर होने के कारण पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहा था। मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही उसने अपना मोबाइल तोड़कर पूरी तरह बंद कर दिया था। जहां गठित विशेष टीम ने कड़ी मशक्कत और तकनीकी इनपुट के आधार पर विशेष टीम ने दबिश देकर आरोपित जगदीप उर्फ जगदीप पहलवान उर्फ कीडू (33) निवासी सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार किया। आरोपित जयपुर के करधनी थाने के एक पुराने मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने इंस्टाग्राम से संपर्क कर उस धमकी भरे वीडियो को डिलीट करवाया और आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी ‘jagdeep_pahalwan_777’ को भी पूरी तरह बंद (ब्लॉक) करवा दिया है। आरोपी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है। इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में लालकोठी थानाधिकारी प्रकाश राम, हेड कांस्टेबल सूरज और कांस्टेबल राधेलाल शामिल रहे। जिनकी सूझबूझ से यह शातिर बदमाश सलाखों के पीछे पहुँचा।
