खरसिया में 52 किलो गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। खरसिया क्षेत्र में 52 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को आज गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले तमनार क्षेत्र से 60 किलो और चक्रधरनगर क्षेत्र से 36 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से तीन युवक बैग में गांजा लेकर ट्रेन से आ रहे हैं। रेलवे चेकिंग के डर से आरोपित खरसिया में उतरकर भागने की फिराक में थे। खरसिया रेलवे कॉलोनी के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर साइबर टीम, चौकी खरसिया और रेलवे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और तीनों आरोपितों को दबोच लिया। तलाशी में आरोपितों के बैग से कुल 52 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 62 हजार रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिनेश कुमार बेहरा (22वर्ष), शिवा बेहरा (21वर्ष) और देवी प्रसाद कंहर (19वर्ष) निवासी जिला कंधमाल (ओडिशा) के रूप में हुई है। तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
