अहमदाबाद में भव्य निरंकारी महिला संत समागम

0
Photo no. 05nn

अहमदाबाद, 29 जून 2026: संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में एवं सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से कुबेर नगर स्थित इंडिक्विप (निरंकारी सत्संग भवन) में भव्य निरंकारी महिला संत समागम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस आध्यात्मिक समागम में अहमदाबाद सहित नाना चिलोडा, सुरेंद्र नगर, सरदार नगर, लांभा, बोपल, मणिनगर, ओढव, कृष्ण नगर, चांदखेड़ा और डिफेंस कॉलोनी की विभिन्न शाखाओं से हजारों श्रद्धालु बहनों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान बहनों ने हिंदी, गुजराती, सिंधी, मराठी, भोजपुरी और अंग्रेज़ी भाषाओं में लघु नाटिकाओं, कव्वाली, कवि दरबार, भक्ति गीतों और प्रेरक विचारों के माध्यम से सत्य, प्रेम, सेवा और मानव एकता का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

समागम की मुख्य अतिथि ग्वालियर से पधारीं परम आदरणीय बहन आशा सिंहजी चौहान ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिकता से जुड़ी महिला परिवार और समाज दोनों को सही दिशा देती है। उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश साझा करते हुए बहनों से मर्यादा, संस्कार, सेवा, सिमरन और सत्संग को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि गृहस्थ जीवन के दायित्व निभाते हुए प्रेम, सहिष्णुता और मानवता के मूल्यों को अपनाना ही सच्ची आध्यात्मिकता है।

कार्यक्रम के अंत में अहमदाबाद की संयोजक आदरणीय बहन कांता बोदानी जी ने मुख्य अतिथि बहन आशा सिंहजी चौहान का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया तथा समागम में उपस्थित सभी साध-संगत, अतिथियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक प्रेरणा से ओत-प्रोत यह महिला संत समागम उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय और प्रेरणादायी अनुभव बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *