पांच आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए मोबाइल व बाइक बरामद

0
72c18a83aeac7af07752af913a322469

नवादा{ गहरी खोज }:जिले के नरहट थाना में दर्ज झपटमारी कांड का पुलिस ने बुधवार को सफल उद्भेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नवादा के रजौली डीएसपी गुलशन कुमार ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। डीएसपी ने बताया कि नरहट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी अनुज चौधरी के पुत्र राहुल कुमार ने 21 मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया था कि कोचिंग से घर लौटने के दौरान जलालपुर गांव के समीप पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन तथा गले में पहना सोने का बजरंगबली लॉकेट छीन लिया। मामले में नरहट थाना कांड संख्या 156/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर लगातार छापेमारी कर 9 जून को घटना में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के चट्टी गुमटी गांव से छीने गए दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई। अनुसंधान में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने सोने का बजरंगबली लॉकेट वजीरगंज बाजार में लगभग सात हजार रुपये में बेच दिया था और राशि आपस में बांट ली थी। डीएसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में सक्रिय झपटमारों के खिलाफ सख्त संदेश दिया या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *