चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केन्द्र शासित प्रदेशों में एसआईआर की घोषणा की
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची अपडेट करने से जुड़ी प्रक्रिया विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करने का निर्देश जारी कर दिया है। एसआईआर के पहले दो चरणों में 13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 59 करोड़ मतदाता शामिल थे। तीसरे चरण में हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरा देश कवर होगा।
आंध्र प्रदेश (4,16,16,061), अरुणाचल प्रदेश (8,87,607), चंडीगढ़ (5,18,663), दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव (4,27,849), हरियाणा (2,06,63,155), झारखंड (2,64,89,777 मतदाता), कर्नाटक (5,55,74,064), महाराष्ट्र (9,86,64,413), मणिपुर (20,91,999), मेघालय (23,43,252), मिजोरम (8,75,004), नागालैंड (13,56,858), दिल्ली (1,48,23,234), ओडिशा (3,34,33,659), पंजाब (2,14,56,297), सिक्किम (4,71,094), त्रिपुरा (28,97,674), तेलंगाना (3,39,20,705) और उत्तराखंड (79,76,466) शामिल हैं।
मतदाता सूची अपडेट करने के दौरान 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर 36.73 करोड़ मतदाताओं से मिलेंगे। इसमें उनकी सहायता 3.42 लाख बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) करेंगे। बीएलए राजनीतिक दलों की ओर से गणना चरण के दौरान नियुक्त किये जाते हैं। चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बीएलए नियुक्त करें।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक संदेश में कहा, “मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूँ कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और अपने गणना फॉर्म भरें। आयोजन का उद्देश्य मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं को ही शामिल करना और अपात्र व्यक्ति का हटाना है।”
आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर के लिए ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट रोल) 5 जुलाई को प्रकाशित होगी, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली 6 सितंबर को जारी की जाएगी। दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव के लिए ड्राफ्ट रोल 10 जुलाई और अंतिम रोल 11 सितंबर को प्रकाशित होगा।
उत्तराखंड के लिए ड्राफ्ट रोल 14 जुलाई और अंतिम रोल 15 सितंबर को जारी होगा। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली 21 जुलाई को प्रकाशित होगी, जबकि अंतिम नामावली 22 सितंबर को जारी की जाएगी। तेलंगाना और पंजाब के लिए ड्राफ्ट रोल 31 जुलाई और अंतिम रोल 01 अक्टूबर को प्रकाशित होगा। कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली के लिए ड्राफ्ट रोल 5 अगस्त को और अंतिम रोल 7 अक्टूबर को जारी होगा। नागालैंड के लिए प्रारूप निर्वाचक नामावली 20 सितंबर और अंतिम नामावली 22 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। त्रिपुरा के लिए ड्राफ्ट रोल 21 अक्टूबर को प्रकाशित होगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली 23 दिसंबर को जारी की जाएगी।
