महेसाणा-राजस्थान हाइवे पर निजी बस की ट्रक से टक्कर, 2 की मौत

0
fec178088a929ed2361526d0c765e3a9

महेसाणा{ गहरी खोज }: गुजरात के महेसाणा-राजस्थान हाइवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अहमदाबाद की ओर जा रही एक निजी लग्जरी बस गलत दिशा में चलते हुए सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाइवे पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को महेसाणा सिविल अस्पताल और आसपास की निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारण हाइवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक तुलसीराम ने बताया, “हम अपनी लेन में जा रहे थे, तभी अचानक सामने से लग्जरी बस रॉन्ग साइड में आ गई। ऐसा लग रहा था कि बस चालक को नींद की झपकी आ गई हो। बस को पास आते देख हमने ट्रक मोड़ने की कोशिश की, बहुत प्रयास के बाद भी गलत दिशा से आ रही बस ट्रक से टकरा गई। यदि सीधी भिड़ंत होती तो हमारी जान बचना मुश्किल था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *