फर्जी लूट की पटकथा लिख पुलिस को दौड़ाया, पांच गिरफ्तार

0
cce311c9d809e9741c680df12e26259a

हरिद्वार{ गहरी खोज }: जिले के भगवानपुर क्षेत्र में डायल 112 पर लूट की झूठी सूचना देना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस जांच में 2.5 लाख और वाहन लूट की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। कोतवाली भगवानपुर को 11 मई को सलीम पुत्र अलीहसन निवासी खाताखेड़ी, सहारनपुर द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई कि ग्राम खेड़ी शिकोहपुर के पास कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी और उसमें रखे करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान नबीर, शौकिन और साहिब नाम के तीन युवक वाहन को अपने साथ ले जाते हुए पाए गए, जिन्हें पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ में सामने आया कि मामला आपसी पैसों के लेनदेन का था और लूट जैसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। पुलिस के अनुसार सूचना देने वालों ने योजनाबद्ध तरीके से पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले सलीम और नौशाद सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। आरोपितों के नाम पते सलीम निवासी 62 फुटा रोड मौहल्ला खाताखेडी थाना मण्डी जिला सहारनपुर उ.प्र., नौशाद पुत्र शमशाद निवासी सम्राट कालोनी मण्डी समिती रोड थाना मण्डी जिला सहारनपुर उ.प्र0, नबीर पुत्र जमील निवासी मानक मजरा कोतवाली भगवानपुर हरिद्वार, शौकिन पुत्र बाबू निवासी ग्राम मानक मजरा कोतवाली भगवानपुर जनपद हरिद्वार व साहिब पुत्र आलीम निवासी डाडाजलालपुर कोतवाली भगवानपुर जनपद हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *