मौनी रॉय के पति सूरज नांबियार की लाइफस्टाइल और फैमिली बैकग्राउंड जानिए
मुम्बई{ गहरी खोज }:बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय और उनके पति, व्यवसायी सूरज नांबियार इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। जनवरी 2022 में गोवा के खूबसूरत तट पर बंगाली और मलयाली परंपराओं के साथ विवाह बंधन में बंधे इस जोड़े के बीच अनबन की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन अफवाहों को तब हवा मिली जब यह बात सामने आई कि मौनी ने सूरज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अनफॉलो कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौनी रॉय और उनकी करीबी दोस्त दिशा पाटनी ने इंस्टाग्राम पर सूरज नांबियार को अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि मौनी के प्रोफाइल पर उनकी शादी की तस्वीरें अब भी मौजूद हैं। फिलहाल, मौनी या सूरज की ओर से इन चर्चाओं पर कोई भी आधिकारिक स्पष्टीकरण या बयान जारी नहीं किया गया है।
ग्लैमर जगत से दूर सूरज नांबियार एक प्रतिष्ठित इन्वेस्टमेंट बैंकर और सफल उद्यमी हैं। उन्होंने दुनिया के मशहूर ‘लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स’ से अपनी शिक्षा पूरी की है। व्यावसायिक तौर पर मौनी और सूरज साझेदार भी हैं; दोनों मिलकर एक एड-टेक प्लेटफॉर्म और एक रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सूरज नांबियार की कुल नेटवर्थ लगभग 50 से 60 करोड़ रुपये के करीब है। वे दुबई में रियल एस्टेट और एसेट मैनेजमेंट के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके अलावा, मुंबई में भी उनकी कई संपत्तियां और निवेश हैं।
मौनी और सूरज की प्रेम कहानी साल 2019 में दुबई में नए साल के जश्न के दौरान शुरू हुई थी। करीब दो साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद, इस जोड़े ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया और शादी का फैसला लिया। अपनी शादी तक उन्होंने अपने रिश्ते को मीडिया की नजरों से काफी हद तक दूर रखा था।
