स्मैक और 8.36 लाख रूपये के साथ तीन गिरफ्तार

0
cb90d22f8d0238cd684289843f60f3bc

अररिया{ गहरी खोज }: अररिया जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नगर थाना पुलिस ने तीन युवकों को 16.01 ग्राम स्मैक, 8 लाख 36 हजार 400 रूपये नगद, दो मोबाइल और एक यामाहा एफजेड बाइक संख्या बीआर 38 एपी 1554 के साथ गिरफ्तार किया। जानकारी सोमवार को सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि त्रिशूलिया घाट जाने वाले सड़क में बाबाजी की कुटिया के पास नगर थाना पुलिस की ओर से वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में यामाहा एफजेड बाइक पर सवार बैरगाछी थाना क्षेत्र के बुधेश्वरी गांव के दो युवक रामकुमार राय पिता दिनेश राय और मो.अबु नसर उर्फ लड्डू के पास से अलग अलग स्थानों से कुल 16.01 ग्राम स्मैक का बरामद किया गया।
दोनों युवकों से पूछताछ और निशानदेही पर नगर थाना क्षेत्र के इस्तमा टोला के रहने वाले मो.रउफ पिता मो.इस्लाम के घर छापेमारी की गई तो उनके घर से स्मैक की बिक्री कर जमा किए 8 लाख 36 हजार 400 रूपये बरामद किए गए। मामले को लेकर नगर थाना में कांड संख्या 246/26 बीएनएस की धारा 111(4),3(5) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी),21(बी) और 25 के तहत दर्ज किया गया है।तीनों आरोपित युवकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *